राष्ट्रीय मंच पर चमकी गोरखपुर की बेटी रिया सिंह बघेल, झांसी में जीता क्राउन
राष्ट्रीय प्रतिभा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, ट्रॉफी और सम्मान से नवाजी गईं
गोरखपुर। जनपद गोरखपुर के पिपरौली ब्लॉक के छोटे से गांव तेंदुआ की होनहार बेटी रिया सिंह बघेल ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए झांसी में आयोजित राष्ट्रीय प्रतिभा प्रतियोगिता-2026 में शानदार सफलता हासिल की है। अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंच संचालन कौशल के दम पर उन्होंने निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें क्राउन, ट्रॉफी, प्रशस्ति-पत्र एवं अन्य सम्मान चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि ने गोरखपुर के साथ पूरे पूर्वांचल का गौरव बढ़ाया है।
प्रतियोगिता का आयोजन 15 जून 2026 को रूप्स प्रोडक्शन द्वारा झांसी में किया गया था। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों सहित कई क्षेत्रों से चयनित प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कुल 15 प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में रिया सिंह बघेल ने अपनी प्रभावशाली अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास, मंच पर सहज प्रस्तुति और आकर्षक व्यक्तित्व के बल पर निर्णायकों को प्रभावित करते हुए विजेताओं में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
रिया सिंह बघेल धनंजय सिंह की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने अथक परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या सुविधाओं की मोहताज नहीं होती।
कार्यक्रम के आयोजक एवं रूप्स प्रोडक्शन के निदेशक फिरोज़ खान ने बताया कि संस्था का उद्देश्य देश के शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि संस्था युवाओं को मॉडलिंग, फैशन, टीवी रियलिटी शो और मनोरंजन जगत में आगे बढ़ने के लिए प्रशिक्षण और उचित अवसर प्रदान करती है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को नई पहचान मिल रही है।
रिया सिंह बघेल की इस उल्लेखनीय सफलता पर उनके परिवार, शिक्षकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। सभी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में भी अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करेंगी तथा गोरखपुर और उत्तर प्रदेश का नाम देशभर में गौरवान्वित करेंगी। उनकी सफलता युवा पीढ़ी, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।















