शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार : शाबिस्ता परवीन
स्कूल चलो रैली के माध्यम से बच्चों के नामांकन और शिक्षा के प्रति किया जागरूक
गोरखपुर। शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से पिपराइच ब्लॉक के पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय गौरा में ब्लॉक स्तरीय “स्कूल चलो रैली” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी शाबिस्ता परवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में खंड शिक्षा अधिकारी शाबिस्ता परवीन ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का नामांकन अपने निकटतम प्राथमिक विद्यालय में अवश्य कराएं, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। विद्यालयों में मोंटेसरी पद्धति सहित अनेक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि वे अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का उपयोग करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें।
कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो रैली को रवाना किया। रैली ने आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया और बच्चों के नामांकन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों और शिक्षकों ने “हर बच्चा स्कूल जाए” जैसे नारों के माध्यम से शिक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
रैली के बाद विद्यालय परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। शाबिस्ता परवीन ने “एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही समाज के विकास के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर अमित कुमार राय सहित अन्य शिक्षक, शिक्षक संघ के पदाधिकारी, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।















