खेल मैदान में चमके पुलिस के सितारे, एसपी ने आठ खिलाड़ियों को किया सम्मानित

खेल मैदान में चमके पुलिस के सितारे, एसपी ने आठ खिलाड़ियों को किया सम्मानित

संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस की वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले संतकबीरनगर पुलिस के आठ खिलाड़ियों को शनिवार को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सम्मानित किया। पुलिस लाइन में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 5,100-5,100 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि, ट्रैकसूट, स्पोर्ट्स शूज़, स्पोर्ट्स किटबैग तथा तीन-तीन दिन का पारितोषिक अवकाश प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की खेलों में सक्रिय भागीदारी से शारीरिक दक्षता, मानसिक मजबूती, अनुशासन, टीम भावना और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी कार्यशैली में भी दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि पुलिस बल के जवान जिस प्रकार कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते हैं, उसी तरह खेलों में भी अपने समर्पण और मेहनत से विभाग का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि विभाग ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देता रहेगा।

उल्लेखनीय है कि 17 से 19 जून तक कुशीनगर में आयोजित गोरखपुर जोन की अंतरजनपदीय पुलिस वॉलीबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता में संतकबीरनगर पुलिस की महिला वॉलीबॉल टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल की। वहीं 21 से 24 जून तक 34वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी में आयोजित 51वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में मुख्य आरक्षी रामू प्रसाद ने 90 किलोग्राम भार वर्ग की बुशु स्पर्धा में तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सम्मानित खिलाड़ियों में महिला उपनिरीक्षक सरिता नागवंशी, महिला उपनिरीक्षक शीला यादव, महिला मुख्य आरक्षी लालमुनी गुप्ता, महिला आरक्षी किरन यादव, महिला आरक्षी आकृति सिंह, महिला आरक्षी प्रिया राय, महिला आरक्षी नरीना सिंह तथा मुख्य आरक्षी रामू प्रसाद शामिल रहे। समारोह में खिलाड़ियों के उत्साह और उपलब्धियों की खूब सराहना की गई।

Previous articleनाबालिग को भगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, गीडा पुलिस की कार्रवाई एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में अभियान जारी, चौकी प्रभारी पिपरौली की सक्रिय भूमिका
Next articleवामा सारथी की पहल: पुलिस लाइन बस्ती में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, पुलिसकर्मियों और परिवारों को मिला स्वास्थ्य लाभ होम्योपैथी, एलोपैथी और वेलनेस जांच के जरिए सैकड़ों पुलिसकर्मियों को मिला परामर्श व दवा वितरण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here