एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद बने आईपीएस, डीजीपी ने पिपिंग सेरेमनी में लगाया रैंक
पीपीएस से आईपीएस पदोन्नति के साथ बढ़ी जिम्मेदारी, तेजतर्रार पुलिसिंग के लिए पहचान
गोरखपुर। गोरखपुर के पुलिस प्रशासन के लिए शुक्रवार का दिन विशेष उपलब्धि लेकर आया। वर्तमान में एसपी नॉर्थ के पद पर तैनात ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद को प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नत कर आईपीएस रैंक प्रदान किया गया। राजधानी लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, गोमती नगर विस्तार में आयोजित भव्य पिपिंग सेरेमनी में पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने उन्हें आईपीएस रैंक लगाकर सम्मानित किया।
1999 बैच के अधिकारी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद नवंबर 2025 से गोरखपुर में एसपी नॉर्थ के पद पर कार्यरत हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली और त्वरित निर्णय क्षमता ने उन्हें एक प्रभावशाली पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान दिलाई है।
गोरखपुर से पहले वह गाजीपुर और इटावा सहित कई महत्वपूर्ण जनपदों में विभिन्न जिम्मेदार पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विभिन्न जिलों में तैनाती के दौरान उन्होंने अपराधियों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने, कानून व्यवस्था मजबूत करने और जनता से संवाद आधारित पुलिसिंग को प्राथमिकता दी।
पुलिस महकमे में ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद को एक फील्ड आधारित और सख्त प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जाना जाता है। अपराध और अपराधियों के प्रति कठोर रवैये के साथ-साथ उनकी कार्यशैली में आम जनता की शिकायतों पर त्वरित सुनवाई और समाधान भी शामिल रहा है। यही कारण है कि आम लोगों के बीच उनकी अलग पहचान बनी हुई है।
पिपिंग सेरेमनी के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल पद नहीं, बल्कि जनता के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह के बाद नवपदस्थ आईपीएस अधिकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर नई जिम्मेदारियों के निर्वहन को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद के आईपीएस बनने पर पुलिस विभाग सहित उनके शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।















