रायबरेली रिंग रोड परियोजना अंतिम चरण में: डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य पर दिया जोर
95 प्रतिशत कार्य पूरा, रेलवे स्वीकृति मिलने के बाद शेष निर्माण ने पकड़ी रफ्तार
रायबरेली। जनपद की महत्वाकांक्षी रिंग रोड फेज-01 परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। गुरुवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि परियोजना का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। बताया गया कि रेलवे लाइन पर ऊपरगामी रेलवे सेतु निर्माण कार्य आवश्यक अनुमति न मिलने के कारण कुछ समय तक प्रभावित रहा था, लेकिन रेलवे विभाग द्वारा 08 मई 2026 को स्वीकृति जारी किए जाने के बाद शेष कार्यों में तेजी लाई गई है। अधिकारियों के अनुसार आगामी 6 से 8 माह के भीतर परियोजना को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सड़क, पुल-पुलिया, मिट्टी भराई, ड्रेनेज व्यवस्था, सुरक्षा मानकों तथा अन्य तकनीकी पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रिंग रोड परियोजना जनपद की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना से जुड़ी योजना है, जिसके पूरा होने से शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं तथा संकेतक बोर्ड, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही परियोजना से जुड़े संभावित अवरोधों का समय रहते समाधान कर अनावश्यक विलंब से बचने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोक निर्माण विभाग राज कुमार, सहायक अभियंता विकास श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।















