मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित बस्ती दौरे को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने हर्रैया में तैयारियों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित बस्ती दौरे को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने हर्रैया में तैयारियों का लिया जायजा

 

बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बस्ती दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। कार्यक्रम को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने हर्रैया क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच निर्माण, वीआईपी एवं आमजन के बैठने की व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन की बारीकी से समीक्षा की। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए अलग बैठने तथा सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर सभी तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।

Previous articleदिव्यांग बच्चों का शत-प्रतिशत चिन्हांकन सुनिश्चित करें, योजनाओं से कोई बच्चा वंचित न रहे: डीएम
Next articleUPTET 2026 की पहली पाली शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न, डीएम-एसपी ने परीक्षा केन्द्रों पर संभाली कमान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here