पल्स पोलियो अभियान का आगाज, सांसद रवि किशन ने बच्चों को पिलाई पहली खुराक ‘मातृ सेवा कार्यक्रम’ लॉन्च, गर्भवती महिलाओं की समय पर निगरानी और उपचार पर रहेगा फोकस

पल्स पोलियो अभियान का आगाज, सांसद रवि किशन ने बच्चों को पिलाई पहली खुराक

‘मातृ सेवा कार्यक्रम’ लॉन्च, गर्भवती महिलाओं की समय पर निगरानी और उपचार पर रहेगा फोकस

गोरखपुर। जिले में रविवार को पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत सदर सांसद रवि किशन ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर की। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को हर बार पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।

सांसद ने कहा कि भारत भले ही पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में वायरस की मौजूदगी को देखते हुए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण ही बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान जिले में एक नए नवाचार ‘मातृ सेवा कार्यक्रम’ की भी शुरुआत की गई। इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय रहते उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर किया जाएगा। सांसद ने इसे मातृ मृत्यु दर कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में 1887 पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई। वहीं 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो रोधी खुराक देंगी।

अधिकारियों ने बताया कि पोलियो की दवा पूरी तरह सुरक्षित है और यह बच्चों को आजीवन दिव्यांगता जैसी गंभीर समस्या से बचाने में प्रभावी भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous article29 जून को होगी भेषजिक मुख्य परीक्षा, 14 केंद्रों पर 6432 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा निष्पक्ष परीक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात।
Next articleपुलिस की तत्परता से यात्री को मिला खोया बैग ऑटो में छूटा सामान सीसीटीवी की मदद से बरामद, यात्री ने जताया आभार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here