मगहर कबीर चौरा के पास महिला का मंगलसूत्र छीनने वाले दो झपटमार गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी सफलता
संतकबीरनगर। जनपद पुलिस को झपटमारी की घटना के खुलासे में बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, सर्विलांस टीम और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मगहर स्थित कबीर चौरा धाम के पास महिला से मंगलसूत्र छीनने वाले दो शातिर झपटमारों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है। इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, 25 जून 2026 को गोरखपुर जनपद के बांसगांव क्षेत्र के गोड़सरी गांव निवासी श्रीमती सुमन निषाद अपने परिवार के साथ मगहर कबीर चौरा समाधि स्थल पर एक पारिवारिक कार्यक्रम के तहत आई थीं। समाधि स्थल का भ्रमण करने के बाद वह शिव मंदिर की ओर जा रही थीं, तभी स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली खलीलाबाद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने असरफाबाद से रसूलपुर जाने वाले मार्ग पर ईंट खड़ंजे के किनारे स्थित बाग के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार पुत्र विक्रम तथा संजय कुमार पुत्र स्वर्गीय सुमिरन, निवासी देवरिया सूरस थाना हरपुर बुदहट जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वे अपने शौक और अतिरिक्त खर्च पूरे करने के लिए झपटमारी जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि घटना के बाद वे लूटे गए मंगलसूत्र को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मंगलसूत्र मय लॉकेट तथा वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी (UP 53 FB 6252) बरामद की है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक महेश्वर चौधरी, सर्विलांस प्रभारी अजय कुमार सिंह, एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी अभिमन्यु सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है और टीम की सराहना की जा रही है।















