खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रशासन सख्त, त्योहारों पर चलेगा विशेष अभियान सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा समिति की बैठक, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर

खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रशासन सख्त, त्योहारों पर चलेगा विशेष अभियान

सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा समिति की बैठक, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर

बस्ती। आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) कीर्ति प्रकाश भारती ने की।

बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुश्रवण व्यवस्था को मजबूत करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जनपद में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा सुदृढ़ बनाया जाए।

सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती ने कहा कि आमजन को सुरक्षित, शुद्ध और मानक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए खाद्य कारोबारियों के पंजीकरण और लाइसेंसिंग प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए तथा सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण, सघन जांच और प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आगामी त्योहारों और विशेष अवसरों को देखते हुए मिठाई, दूध, तेल, मसाले एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया।

सीआरओ ने कहा कि खाद्य सुरक्षा केवल विभागीय कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके प्रति आमजन को जागरूक करना भी बेहद जरूरी है। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान संचालित किए जाएं, ताकि लोग शुद्ध खाद्य पदार्थों के प्रति सजग हो सकें।

बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा गत तिमाही में की गई कार्रवाई, खाद्य नमूनों के संग्रहण, जांच रिपोर्ट, अभियोजन की स्थिति तथा लाइसेंस और पंजीकरण से संबंधित प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी रखे।

सीआरओ ने निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीएमओ डॉ. राजीव निगम, एसडीएम राजेश यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, उपायुक्त प्रशासन राज्यकर उपेंद्र यादव, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleकोचिंग संस्थानों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम ने अधिकारियों के साथ की अहम बैठक फायर सेफ्टी, इमरजेंसी एग्जिट और सुरक्षा मानकों की होगी जांच, नियमों की अनदेखी पर होगी कड़ी कार्रवाई
Next articleसूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक भर्ती के लिए महा-इंटरव्यू संपन्न, 1 जुलाई से नई टीम संभालेगी जिम्मेदारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here