रिजर्व पुलिस लाइन में स्वच्छता का महाअभियान, वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद संभाली कमान
डीजी/एडीजी, आईजी और एसएसपी ने झाड़ू उठाकर दिया संदेश, स्वच्छता को बताया प्राथमिक जिम्मेदारी
गोरखपुर। रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को वृहद स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्वयं भाग लेकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान डीजी/अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन, पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चिनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने खुद झाड़ू उठाकर परिसर की साफ-सफाई की और पुलिसकर्मियों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।
अभियान के तहत पूरे परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कूड़ा-कचरा हटाकर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना आवश्यक है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने कार्यस्थल के साथ-साथ आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ बनाए रखें तथा कूड़े का निस्तारण निर्धारित स्थान पर ही करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और समाज में भी इसके प्रति सकारात्मक संदेश फैलाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और जनजागरूकता बढ़ाने में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल, क्षेत्राधिकारी/सहायक पुलिस अधीक्षक लाइन्स अरुण कुमार एस सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अभियान से न केवल पुलिस लाइन परिसर में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत हुई, बल्कि पुलिसकर्मियों के भीतर स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना भी और अधिक सुदृढ़ हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण को स्थायी रूप से सुनिश्चित किया जा सके।















