12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की भव्य तैयारियां पूरी दिग्विजयनाथ पार्क बनेगा योग का केंद्र, सुबह 6 बजे से शुरू होगा मुख्य आयोजन

 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की भव्य तैयारियां पूरी

दिग्विजयनाथ पार्क बनेगा योग का केंद्र, सुबह 6 बजे से शुरू होगा मुख्य आयोजन

गोरखपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य, सुव्यवस्थित और जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन तारामंडल स्थित दिग्विजयनाथ पार्क में सुबह 6 बजे से किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में अधिकारी, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन और आम नागरिक सामूहिक योग सत्र में भाग लेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी प्रतिभागी सुबह 5:30 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएं, ताकि योग सत्र निर्धारित समय पर शुरू हो सके।

इस विशेष आयोजन से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे और योग के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली को लेकर अपने विचार साझा करेंगे।

प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि नगर निगम को स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

योग दिवस को लेकर लोगों में भी विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। स्कूल-कॉलेजों के छात्र, विभिन्न संस्थाएं और आम नागरिक बढ़-चढ़कर भागीदारी की तैयारी कर रहे हैं।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा का भी आधार है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

Previous articleदुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित नीति पर मंथन
Next articleनगर आयुक्त अजय जैन ने चरगावां गारबेज ट्रांसफर स्टेशन और सीएंडडी वेस्ट सेंटर का किया निरीक्षण कचरा प्रबंधन को तकनीक से जोड़ने पर जोर, मशीनों की सुरक्षा और गुणवत्ता जांच के दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here