नीट परीक्षा और मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त–डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश

नीट परीक्षा और मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त–डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश

 

देवरिया। आगामी नीट परीक्षा एवं मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को मंडलायुक्त अनिल ढींगरा एवं डीआईजी एस. चनप्पा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी समेत सभी उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मोहर्रम को लेकर सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। प्रत्येक थाना क्षेत्र में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर स्थानीय स्तर पर संवाद और समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ताजिया जुलूस केवल परंपरागत मार्गों से ही निकाले जाएंगे और उनकी ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप होगी। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि जुलूस मार्गों पर झूलते एवं जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।

डीआईजी एस. चनप्पा ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, लगातार गश्त करने और सोशल मीडिया पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नीट परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

मंडलायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों को शांतिपूर्ण और सफल बनाना है। इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और जनप्रतिनिधियों तथा समाज के प्रबुद्ध लोगों के सहयोग से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Previous articleकान्हा उपवन गौशाला का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
Next articleश्रीपालपुर में रात्रि चौपाल: मंडलायुक्त ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here