कान्हा उपवन गौशाला का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

कान्हा उपवन गौशाला का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

गोरखपुर। नगर आयुक्त अजय जैन ने गुरुवार सुबह महेवा स्थित कान्हा उपवन गौशाला का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पशुओं के रखरखाव, चारे की उपलब्धता, सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कई कमियां सामने आने पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि बीमार एवं कमजोर गौवंश, सांड और छोटे बछड़ों को एक ही स्थान पर रखा गया है, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए बीमार पशुओं, छोटे बछड़ों तथा सांडों के लिए अलग-अलग शेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शेडों के बीच बैरिकेडिंग कराने और प्रवेश द्वारों को मजबूत बनाने को कहा।

नगर आयुक्त ने गौशाला में उपलब्ध भूसा, चोकर, हरा चारा एवं साइलेज के स्टॉक का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में पौष्टिक चारा हर समय उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि पशुओं के खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान गौशाला परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने, पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, पशुओं को नहलाने के लिए प्रेशर पंप की व्यवस्था करने तथा शेडों के चारों ओर टाट लगाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि इससे पशुओं को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से राहत मिलेगी और उनकी सुरक्षा बेहतर होगी।

नगर आयुक्त ने पशु कल्याण अधिकारी एवं गौशाला संचालक संस्था को निर्देशित किया कि निरीक्षण में मिली सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि गौशाला में रह रहे पशुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण जारी रहेगा।

Previous articleजनता दर्शन में डीएम दीपक मीणा ने सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
Next articleनीट परीक्षा और मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त–डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here