योग दिवस एवं मोहर्रम की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

योग दिवस एवं मोहर्रम की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

 

भदोही। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एवं मोहर्रम पर्व को लेकर जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों आयोजनों की तैयारियों, कानून-व्यवस्था और विभागीय व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद, तहसील, विकासखंड, ग्राम पंचायत, नगर निकाय, विद्यालय, चिकित्सालय और आयुष्मान आरोग्य केंद्रों पर व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों को कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश दिए।

मोहर्रम पर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को ताजिया जुलूस मार्गों का निरीक्षण करने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली विभाग को झूलते तारों को हटाने तथा नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। 20 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को जनहित में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Previous articleडीएम ने मेंहदावल सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा, व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर जताई नाराजगी
Next articleलक्ष्मीबाई पार्क में जनकल्याणकारी विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां प्रदर्शित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here