प्रवक्ता भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम ने केंद्रों का किया निरीक्षण; 1204 अभ्यर्थी हुए शामिल

प्रवक्ता भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम ने केंद्रों का किया निरीक्षण; 1204 अभ्यर्थी हुए शामिल

 

संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 रविवार को जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, खलीलाबाद सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

रविवार को सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित परीक्षा के लिए जिले में कुल 2496 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1204 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1292 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम को सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अधिकारियों ने परीक्षा संचालन में सहयोग करने वाले सभी कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों की सराहना की।

Previous articleशादी का झांसा देकर युवती को भगाने वाला गिरफ्तार, अपहृता सकुशल बरामद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here