ढाई साल तक शोरूम से उड़ाती रहीं गहने, दो महिला कर्मचारी गिरफ्तार
सीसीटीवी की रेंज समझकर करती थीं चोरी, 25 लाख रुपये से अधिक की नकदी व ज्वैलरी बरामद
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वैलरी शोरूम में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने शोरूम में सेल्स पर्सन के रूप में कार्यरत दो महिला कर्मचारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.50 लाख रुपये नकद तथा लगभग 15.50 लाख रुपये मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब शोरूम स्वामी ने मार्च माह में नियमित स्टॉक ऑडिट कराया। जांच के दौरान कई असली आभूषणों की जगह नकली गहने पाए गए। कुछ आभूषणों का वजन भी कम निकला तथा कई गहनों से लटकन गायब मिले। संदेह होने पर शोरूम मालिक ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ में दोनों महिला कर्मचारियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे पिछले करीब ढाई वर्षों से शोरूम में कार्यरत थीं और इस दौरान उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी प्रणाली को भली-भांति समझ लिया था। इसी का फायदा उठाकर वे कैमरों की नजर से बचते हुए स्ट्रांग रूम से असली आभूषण निकाल लेती थीं और उनकी जगह हूबहू डिजाइन वाले नकली गहने रख देती थीं।
आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया कि जिन आभूषणों में कई लटकन लगे होते थे, उनमें से एक-दो लटकन निकालकर अलग से बेच देती थीं। चोरी किए गए गहनों को नेपाल में बेचकर प्राप्त धन से वे अपनी पसंद के नए आभूषण खरीदती थीं।
पुलिस ने दोनों महिलाओं के पास से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य सामान बरामद किया है। बरामद गहनों में मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, इयररिंग, नथ, नोज पिन, पेंडेंट, बैंगल समेत कई कीमती आभूषण शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद ज्वैलरी कारोबारियों में सतर्कता बढ़ गई है और कर्मचारियों की गतिविधियों की निगरानी को लेकर नए सिरे से सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है।















