युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद
सोनहा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को पंचमोहनी के पास से दबोचा
बस्ती। महिला अपराधों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए थाना सोनहा पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की।
पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 को थाना सोनहा में मु0अ0सं0 139/2026 के तहत धारा 87 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होते ही थानाध्यक्ष महेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पंचमोहनी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी मैनुद्दीन उर्फ मोनू (25 वर्ष) पुत्र निजामुद्दीन, निवासी सिसवा बरूवार, थाना सोनहा, जनपद बस्ती को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अपहृत युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पीड़िता को नियमानुसार प्रस्तुत किया तथा आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष महेश सिंह, उपनिरीक्षक सत्यपाल चौधरी, कांस्टेबल राजेन्सी वर्मा एवं महिला कांस्टेबल अर्चना यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में महिला संबंधी अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। सोनहा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में सख्त संदेश गया है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















