डीएम ने विकास योजनाओं की प्रगति परखी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के दिए निर्देश
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) तथा पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मनरेगा के तहत अधिकाधिक मानव दिवस सृजित किए जाएं, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र लाभार्थियों को समय पर आवास उपलब्ध कराने, निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूर्ण कराने तथा लाभार्थियों के चयन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शौचालय निर्माण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाया जाए और गांवों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की प्राथमिकता तय कर उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन शासन की मंशा के अनुरूप, निर्धारित मानकों के अनुसार तथा समयबद्ध ढंग से किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















