11 सूत्रीय मांगों को लेकर पंचायत सहायकों का प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
सहजनवां। विभिन्न मांगों को लेकर पंचायत सहायकों ने शुक्रवार को स्थानीय तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। अल्प मानदेय, बढ़ते कार्यबोझ और प्रशासनिक दबाव से नाराज पंचायत सहायकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्रीय मांग पत्र तहसीलदार राकेश कन्नौजिया को सौंपते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की।
पंचायत सहायकों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में उनका आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महज 6 हजार रुपये मासिक मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। सहायकों ने मांग की कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए मानदेय में वृद्धि की जाए तथा अतिरिक्त कार्यों के लिए विशेष भत्ता दिया जाए। साथ ही मानदेय का भुगतान प्रत्येक माह समय से सुनिश्चित किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें अपने मूल कार्यक्षेत्र के अतिरिक्त अन्य ग्राम पंचायतों के कार्य भी सौंप दिए जाते हैं, जिससे कार्य का दबाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने अतिरिक्त कार्यों से राहत देने, ऑनलाइन उपस्थिति की अनिवार्यता पर पुनर्विचार करने तथा स्मार्ट मोबाइल, इंटरनेट रिचार्ज, स्टेशनरी और यात्रा भत्ता उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
पंचायत सहायकों ने अधिकारियों पर मानसिक दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि आए दिन नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है, जिससे असुरक्षा और तनाव का माहौल बना रहता है। उन्होंने अधिकारियों द्वारा की जा रही कथित धमकियों पर रोक लगाने, कार्यक्षेत्र एवं अधिकारों को स्पष्ट करने तथा रोजगार को स्थायित्व प्रदान करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगे व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान संगम, सुंदरी, पालिंदर, लक्ष्मी, ममता, नीलम, संध्या, नेहा, शोभा यादव सहित बड़ी संख्या में पंचायत सहायक मौजूद रहे।















