शादी में गया था परिवार, सूने घर पर हाथ साफ; पुलिस ने चोर गिरोह का किया पर्दाफाश

शादी में गया था परिवार, सूने घर पर हाथ साफ; पुलिस ने चोर गिरोह का किया पर्दाफाश

एक पुरुष व एक महिला गिरफ्तार,चोरी के आभूषण और नकदी बरामद,कोतवाली पुलिस की कार्रवाई से मामले का हुआ खुलासा

गोरखपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में घर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए आभूषणों के साथ नकदी भी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 1 मई 2026 को घर के स्वामी अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। जब वे वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा मिला और आभूषणों सहित करीब 50 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोनू केवट और राधा शर्मा उर्फ अंजली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर चोरी के कई कीमती आभूषण बरामद किए गए।

बरामद सामान में सोने-चांदी की अंगूठियां, नथ, लॉकेट, मंगलसूत्र, पायल, बिछिया, कर्धन समेत अन्य जेवरात शामिल हैं। इसके अलावा चोरी की रकम में से 5 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Previous articleसम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जन समस्याएं, एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश तहसील सदर में 87 शिकायतें पहुंचीं, सात मामलों का मौके पर समाधान
Next articleआरक्षी भर्ती परीक्षा केंद्रों का मंडलायुक्त व डीआईजी ने किया निरीक्षण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here