सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण गीडा में 207.96 करोड़ की 95 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण-शिलान्यास, जनसुविधाओं पर विशेष जोर

सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण

गीडा में 207.96 करोड़ की 95 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण-शिलान्यास, जनसुविधाओं पर विशेष जोर

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 3 जून को प्रस्तावित गोरखपुर दौरे की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने सभा स्थल, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और जनसुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री गीडा औद्योगिक क्षेत्र में निर्मित ईडब्ल्यूएस-एलआईजी आवासीय परिसर एवं फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही मेसर्स एसआरवीके इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड का उद्घाटन भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री लगभग 207.96 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 95 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक विकास और आधारभूत संरचना को नई गति मिलेगी।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं और आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए जनसभा में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा पार्किंग स्थलों पर भी पेयजल उपलब्ध कराने, चिकित्सा टीमों की तैनाती, मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय है और तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। गीडा क्षेत्र में होने वाला यह कार्यक्रम औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Previous articleआमी नदी के पुनर्जीवन की उठी मांग, सभासदों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
Next articleसीएमआईएस समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त सख्त, लापरवाही पर नोटिस और वेतन रोकने के निर्देश लंबित परियोजनाओं, न्यायिक वादों और धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दी चेतावनी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here