बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील
खुले में कुर्बानी पर रोक, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
बस्ती। आगामी 28 मई से शुरू हो रहे तीन दिवसीय बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने की। दोनों अधिकारियों ने जिलेवासियों से भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि बस्ती जनपद में सभी त्योहार परंपरागत रूप से आपसी सद्भाव के साथ मनाए जाते रहे हैं और इस परंपरा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी सीएचसी एवं पीएचसी केंद्रों पर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा हीट वेव, डायरिया समेत अन्य मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने पुलिस एवं परिवहन विभाग को अवैध पशु तस्करी पर सख्त निगरानी रखने और सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि खुले में कुर्बानी न करें और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई की जिम्मेदारी डीपीआरओ एवं नगर निकाय क्षेत्रों में नगर पालिका और नगर पंचायतों को सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और छोटी से छोटी सूचना भी तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि बस्ती जनपद में वर्षों से भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की परंपरा रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिबंधित एवं संक्रमित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में नहीं होने दी जाएगी। साथ ही कुर्बानी से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने कहा कि पशुओं के अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि स्वच्छता बनी रहे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना दें। नमाज केवल निर्धारित स्थलों पर ही अदा की जाए तथा नमाज स्थलों के आसपास अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े न किए जाएं।
बैठक का संचालन क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण ने किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजीव निगम, उप जिलाधिकारी सदर हिमांशु कुमार, उप जिलाधिकारी रुधौली मनोज प्रकाश, डीपीआरओ धनश्याम सागर, अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।















