राप्ती नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत, परिवारों में मचा कोहराम
एनडीआरएफ और गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन, देर शाम तीनों शव बरामद
गोरखपुर। राजघाट स्थित राप्ती नदी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहाने गए तीन किशोर नदी में डूब गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे प्रशासन, एनडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद देर शाम तीनों किशोरों के शव बरामद कर लिए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तुर्कमानपुर क्षेत्र निवासी निक्कू (15) पुत्र सुनील, सत्ती (15) पुत्र मोहन और इरफान पुत्र फखरुद्दीन मंगलवार को राप्ती नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान तीनों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही तीनों नदी में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने अभियान की निगरानी करते हुए एनडीआरएफ टीम को तेजी से सर्च ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए।
काफी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने पहले निक्कू और सत्ती के शव नदी से बाहर निकाले। इसके बाद तीसरे किशोर इरफान की तलाश के लिए अभियान जारी रखा गया। देर शाम टीम को सफलता मिली और इरफान का शव भी बरामद कर लिया गया।
तीनों किशोरों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरा इलाका गमगीन माहौल में डूब गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और खतरनाक स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के पास विशेष सावधानी बरतें तथा बच्चों को बिना निगरानी के पानी में न जाने दें।
फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।















