सरकारी स्कूलों और पंचायत भवनों में चोरी करने वाला गैंग गिरफ्तार, 9 आरोपी दबोचे गए
गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी, कंप्यूटर समेत लाखों का सामान बरामद; कई थानों की घटनाओं का खुलासा
गोरखपुर, 25 मई 2026। थाना पीपीगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सरकारी स्कूलों और पंचायत भवनों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 9 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3.10 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है। मामले का खुलासा पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज अनुराग सिंह भी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में रमेश उर्फ सूईत, अनिल, प्रवीण यादव, सन्नी गौड़, गंगा सागर मद्देशिया, गोपीचंद मद्देशिया, बाल मुकुंद उर्फ मक्कू, यशपाल उर्फ मुन्ना यादव और शेषमणि निषाद शामिल हैं। सभी आरोपी संगठित गिरोह बनाकर सरकारी विद्यालयों, पंचायत भवनों और अन्य सरकारी संस्थानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
जांच में सामने आया कि 8 अप्रैल 2026 को प्राथमिक विद्यालय ताललिखिया में चोरी की घटना हुई थी, जहां से गैस सिलेंडर, चूल्हा, राशन सामग्री और निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले लोहे के एंगल चोरी कर लिए गए थे। वहीं 22 मई 2026 को बैरघट्टा पंचायत भवन का ताला तोड़कर कंप्यूटर सेट और प्रिंटर चोरी कर लिया गया था। दोनों मामलों में थाना पीपीगंज पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय सुनसान सरकारी भवनों को चिन्हित करते थे और दरवाजों की कुंडी काटकर अंदर प्रवेश कर जाते थे। इसके बाद गैस सिलेंडर, कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती सामान चोरी कर बाजार में बेच देते थे। गिरोह लंबे समय से विभिन्न थाना क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 गैस सिलेंडर, 4 एलईडी टीवी, 1 एचपी मॉनिटर, 1 यूपीएस, 1 कीबोर्ड व माउस, 1 प्रिंटर और 1 मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान थाना सहजनवां और थाना कैम्पियरगंज में दर्ज चोरी की घटनाओं से भी संबंधित है, जिससे कई मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से भी चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इससे स्पष्ट है कि यह गिरोह पेशेवर तरीके से अपराध करता था।
इस संबंध में थाना पीपीगंज पर मु0अ0सं0 117/26 एवं 175/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगेगा और अन्य लंबित मामलों के खुलासे में भी मदद मिलेगी।















