अराजक तत्वों द्वारा बाबा साहब की मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप, ग्रामीणों में रोष हरपुर-बुदहट क्षेत्र के गोरेडीह गांव का मामला, पुलिस ने बताया- ढेलाबाजी में लगी थी चोट

अराजक तत्वों द्वारा बाबा साहब की मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप, ग्रामीणों में रोष

हरपुर-बुदहट क्षेत्र के गोरेडीह गांव का मामला, पुलिस ने बताया- ढेलाबाजी में लगी थी चोट

सहजनवा। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोरेडीह में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना से सोमवार को गांव में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अराजक तत्वों ने बाबा साहब की मूर्ति के सिर और दाहिने हाथ की अंगुलियों को नुकसान पहुंचाया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों द्वारा सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हरपुर-बुदहट थाने में सूचना दी गई कि गांव में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि बाबा साहब की प्रतिमा समाज के सम्मान और आस्था का प्रतीक है, ऐसे में प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

वहीं, इस मामले में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रतिमा के पास स्थित तालाब में कुछ बच्चे स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आपस में ढेलाबाजी करते समय एक ढेला प्रतिमा से टकरा गया, जिससे प्रतिमा पर हल्का खरोंच आ गया था। उन्होंने बताया कि प्रतिमा को तत्काल ठीक करा दिया गया है और गांव में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

Previous articleआईजीआरएस एवं राजस्व वादों की समीक्षा बैठक सम्पन्न, डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
Next article“पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026” का सिद्धार्थनगर में शुभारंभ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन और राष्ट्रसेवा का मंत्र

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here