बकरीद को लेकर कोठीभार पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
महराजगंज। आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से थाना कोठीभार पुलिस द्वारा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। क्षेत्राधिकारी निचलौल एवं थाना अध्यक्ष कोठीभार के नेतृत्व में पुलिस बल ने सिसवा बाजार सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख बाजारों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से आपसी भाईचारा बनाए रखने और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस टीम ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी निचलौल ने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए थाना क्षेत्र में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा का भरोसा दिखाई दिया।















