UPSC प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न, 25 केंद्रों पर 11,112 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, जीडीए वीसी अभिनव गोपाल व एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने किया निरीक्षण
गोरखपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा रविवार को गोरखपुर जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। जिले में परीक्षा के लिए कुल 25 केंद्र बनाए गए थे, जहां 11,112 अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया गया था। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक सम्पन्न कराई गई।
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी एवं गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल को संयुक्त ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक निर्देश दिए।
पूरी परीक्षा व्यवस्था के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार रहे। उन्होंने स्वयं कई केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा, पेपर वितरण, समयबद्धता तथा अभ्यर्थियों की सुविधाओं का निरीक्षण किया। एडीएम सिटी ने बताया कि आयोग की गाइडलाइंस का सभी केंद्रों पर सख्ती से पालन कराया गया।
प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू कर अनावश्यक भीड़ पर नियंत्रण रखा गया।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। वहीं ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए थे, जिससे परीक्षार्थियों को समय से केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
परीक्षा सम्पन्न होने के बाद अभ्यर्थियों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना की। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित बताया।















