जनगणना को लेकर प्रशासन अलर्ट, सदर तहसील में हुई अहम समीक्षा बैठक
डिप्टी कलेक्टर ज्ञान प्रताप सिंह ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, बोले—जनगणना में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं
गोरखपुर। भारत सरकार की आगामी जनगणना को लेकर गोरखपुर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में सदर तहसील सभागार में डिप्टी कलेक्टर एवं तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्यों की तैयारियों, प्रगति और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में तहसील क्षेत्र के लेखपाल, कानूनगो, राजस्व कर्मी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डिप्टी कलेक्टर ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या गिनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला है। ऐसे में कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सही और तथ्यात्मक जानकारी एकत्र की जाए। इसके लिए क्षेत्रवार टीमों को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी परिवार जनगणना से वंचित न रह जाए।
ज्ञान प्रताप सिंह ने जनगणना में डिजिटल तकनीक के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डेटा संग्रहण में आधुनिक संसाधनों के इस्तेमाल से पारदर्शिता और कार्य की गति दोनों बढ़ेंगी। इसके साथ ही कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देकर नई प्रणाली के अनुरूप दक्ष बनाया जाएगा।
बैठक में आमजन को जनगणना के प्रति जागरूक करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराने और सहयोग के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
अंत में डिप्टी कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसे पूरी जिम्मेदारी व समयबद्धता के साथ पूरा कराया जाएगा।















