नगर आयुक्त का नाला सफाई अभियान का औचक निरीक्षण
किराना मंडी से तकियाघाट तक सफाई तेज करने के निर्देश
पोकलेन मशीनों से आज से शुरू होगा विशेष अभियान
गोरखपुर
शहर की जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और बारिश से पहले नालों की सफाई सुनिश्चित करने के लिए नगर आयुक्त अजय जैन ने मंगलवार सुबह रेती चौक से साहेबगंज किराना मंडी होते हुए मिर्जापुर पंपिंग स्टेशन, हनुमानगढ़ी मंदिर के पीछे से तकियाघाट तक जाने वाले बड़े नाले का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता अशोक भाटी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान गीता प्रेस के उत्तरी गेट के पास नाले की स्थिति का जायजा लिया गया। आगे किराना मंडी क्षेत्र में नगर निगम की दुकानों के पास नाला कूड़े और सिल्ट से पूरी तरह भरा मिला। अधिकारियों ने बताया कि नाले के ऊपर बने पक्के स्लैब के कारण मशीनों से सफाई संभव नहीं हो पा रही है और मैनुअल सफाई करानी पड़ती है।
इस पर नगर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से स्लैब तोड़कर सफाई कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में सफाई कार्य को आसान बनाने के लिए 2-2 फीट चौड़े स्लैब लगाने और पूरे नाले की बैरिकेडिंग कर उसे व्यवस्थित ढंग से ढकने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद नगर आयुक्त ने हनुमानगढ़ी मंदिर के पीछे तकियाघाट में मिलने वाले कच्चे नाले का निरीक्षण किया, जहां जलकुंभी, सिल्ट और पानी जमा होने की समस्या सामने आई। इस पर उन्होंने नगर निगम के प्रत्येक जोन से एक-एक बड़ी पोकलेन मशीन लगाकर मंगलवार से ही विशेष सफाई अभियान शुरू कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में तकियाघाट से राप्ती नदी तक फाइटो रेमेडिएशन पद्धति से कराए जा रहे नाला शोधन कार्य का भी जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने नाले में जमा सिल्ट हटाने, पानी की निकासी बनाए रखने और बोल्डर बांध की नियमित सफाई व रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।















