महुली पुलिस हुई हाईटेक, सभी विवेचक स्मार्ट टैबलेट से लैस
संतकबीरनगर। जनपद की थाना महुली पुलिस को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त एवं आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना महुली के सभी विवेचकों को स्मार्ट टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य विवेचना कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।
साइबर टीम ने दिया विशेष तकनीकी प्रशिक्षण
पुलिस लाइन से पहुंची साइबर टीम द्वारा थाना महुली में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विवेचकों और पुलिस कर्मियों को स्मार्ट टैबलेट के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में ई-समन, साक्ष्य आईडी, ऑनलाइन विवेचना निस्तारण, डिजिटल अभिलेखीकरण तथा अन्य आधुनिक पुलिसिंग कार्यों के संचालन की प्रक्रिया समझाई गई।
डिजिटल पुलिसिंग से बढ़ेगी पारदर्शिता और कार्यक्षमता
साइबर टीम प्रभारी ललितकांत ने चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण देते हुए बताया कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण संभव होगा। डिजिटल माध्यम से कार्य करने पर पारदर्शिता बढ़ेगी और पुलिस की कार्यप्रणाली पहले से अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनेगी। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को विभिन्न एप्लीकेशन, ऑनलाइन पोर्टल और डिजिटल रिपोर्टिंग सिस्टम का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
आमजन को मिलेगी त्वरित और बेहतर पुलिस सेवा
थाना महुली पुलिस ने बताया कि स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में उठाया गया यह कदम आमजन को त्वरित, पारदर्शी और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में तकनीक आधारित पुलिसिंग से अपराध नियंत्रण और विवेचना प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।















