जनगणना-2027 प्रशिक्षण में अनुपस्थिति पर होगी कार्रवाई
एडीएम ने दिए सख्त निर्देश, अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा
संतकबीरनगर।
अपर जिलाधिकारी (वि/रा) एवं जिला जनगणना अधिकारी जय प्रकाश ने जनपद में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण में अनुपस्थिति पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का प्रशिक्षण विभिन्न तहसील मुख्यालयों पर संचालित किया जा रहा है। इस कार्य को सुचारू और प्रभावी बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में तृतीय बैच का प्रशिक्षण चल रहा है, जबकि प्रथम और द्वितीय बैच में अनुपस्थित रहे प्रगणकों और सुपरवाइजरों के संबंध में सभी विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। तृतीय एवं चतुर्थ बैच में सभी का प्रशिक्षण लेना अनिवार्य किया गया है।
एडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई कर्मचारी, प्रगणक या सुपरवाइजर प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहता है, तो इसे जनगणना अधिनियम 1948 की धारा-11 का उल्लंघन माना जाएगा। इसके तहत तीन वर्ष तक का कारावास या एक हजार रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों दंड दिए जा सकते हैं।
उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों से अपील की कि वे समय से प्रशिक्षण में उपस्थित होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि जनगणना-2027 का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।















