सिविल डिफेन्स के साथ समन्वय बैठक, जनसुरक्षा व आपदा प्रबंधन पर मंथन
गोरखपुर। पुलिस लाइन्स स्थित व्हाइट हाउस सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर की अध्यक्षता में सिविल डिफेन्स पदाधिकारियों के साथ मासिक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने तथा आपदा प्रबंधन में बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
इस दौरान सिविल डिफेन्स की भूमिका, आपात स्थितियों में उनकी त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों में सहभागिता और आमजन की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सिविल डिफेन्स के स्वयंसेवक विपरीत परिस्थितियों में समाज के लिए एक मजबूत सहारा बनते हैं और उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है।
बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सिविल डिफेन्स कर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि यह सम्मान भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने समन्वय और सहयोग के साथ जनसुरक्षा के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।















