गोलघर व्यापारियों को राहत, पार्किंग-अतिक्रमण पर बने सख्त नियम
गोरखपुर। शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र गोलघर की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नगर निगम और व्यापारियों के बीच हुई बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। प्रशासन के ठोस आश्वासनों से व्यापारियों में राहत और भरोसे का माहौल नजर आया।
बैठक में सबसे अहम मुद्दा पार्किंग व्यवस्था रहा। नगर निगम ने दुकानदारों और कर्मचारियों के लिए रियायती दर पर मासिक पार्किंग पास जारी करने का आश्वासन दिया। खासतौर पर दोपहिया वाहनों को प्राथमिकता देते हुए विशेष छूट देने की बात कही गई, जिससे छोटे व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
निर्माण कार्यों से प्रभावित यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए भी ठोस योजना बनाई गई। अधिकारियों ने बताया कि कार्य पूरा होने के बाद सड़कों पर दोबारा व्हाइट लाइनिंग की जाएगी और पार्किंग के लिए सीमित चौड़ाई तय कर सख्ती से पालन कराया जाएगा। अवैध पार्किंग पर क्रेन के जरिए कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई।
अतिक्रमण के मुद्दे पर भी प्रशासन सख्त नजर आया। वेंडिंग जोन के बाहर ठेले-खोमचे लगाने वालों पर नियमित कार्रवाई का भरोसा दिया गया, जबकि निर्धारित स्थानों पर ही कारोबार की अनुमति होगी। इससे बाजार में अव्यवस्था और जाम की समस्या पर लगाम लगने की उम्मीद है।
ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापारियों द्वारा पार्किंग शुल्क के टोकन नि:शुल्क देने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। साथ ही शहर में प्रमुख स्थानों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे बाहर से आने वाले लोगों को पार्किंग ढूंढने में आसानी होगी।
नगर निगम ने सीएम ग्रिड निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का भरोसा दिलाया, ताकि व्यापारियों और आम जनता को राहत मिल सके।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने समन्वय और संवाद के जरिए समस्याओं के स्थायी समाधान पर जोर दिया।















