मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सहायक आचार्य पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सहायक आचार्य पुनर्परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोरखपुर मंडल के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी रेंज एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, परीक्षा नोडल अधिकारी अंजनी कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बताया गया कि परीक्षा 18 एवं 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी और प्रत्येक दिन दो पालियों में कराई जाएगी। जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 18,600 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
18 अप्रैल को प्रथम पाली में 4,858 तथा द्वितीय पाली में 5,305 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं 19 अप्रैल को प्रथम पाली में 4,486 तथा द्वितीय पाली में 3,951 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षार्थियों को प्रथम पाली के लिए सुबह 07:15 बजे से 08:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए 12:15 बजे से 01:45 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 11 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
परीक्षा के दिन अधिकारियों एवं कार्मिकों की रिपोर्टिंग सुबह 05:00 बजे सुनिश्चित की गई है। प्रश्नपत्रों के ट्रंक बॉक्स की निकासी प्रथम पाली के लिए सुबह 05:00 बजे से 07:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए 10:00 बजे से 12:00 बजे तक की जाएगी। इसके बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा केंद्रों पर 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक अन्य विद्यालयों से तथा 50 प्रतिशत उसी विद्यालय से तैनात किए जाएं। साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों के लिए आरक्षित सूची भी तैयार रखने को कहा गया है।
सुरक्षा के दृष्टिगत प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग तीन पुरुष और दो महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में की जाएगी। साथ ही बायोमेट्रिक (आइरिश सत्यापन) और लाइव सीसीटीवी स्ट्रीमिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।














