मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी रेंज एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, परीक्षा नोडल अधिकारी अंजनी कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बताया गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रत्येक दिन दो सत्रों में होगी। प्रथम सत्र सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 03:00 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित होगा।
जनपद में कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक पाली में 10,848 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार कुल 6 पालियों में 65,088 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्रों की दूरी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने समुचित व्यवस्था की है। सबसे दूर स्थित परीक्षा केंद्र मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज, नकहां रेलवे क्रॉसिंग लगभग 10 किलोमीटर दूर है, जबकि अन्य प्रमुख केंद्र 5 से 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं।
परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। कुल 24 केंद्रों के लिए 24 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 24 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
कोषागार में स्थान के अभाव को देखते हुए पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस के कक्ष संख्या-01 को अस्थायी डबल लॉक बनाया गया है, जहां परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रखा जाएगा। यहां से संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में सामग्री का वितरण किया जाएगा। सुरक्षा के लिए दो सशस्त्र गार्ड तथा अग्निशमन उपकरण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। अभ्यर्थियों की चेकिंग और फ्रिस्किंग के लिए तीन पुरुष और दो महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ सशस्त्र आरक्षियों को भी लगाया गया है।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे और रोडवेज विभाग से समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त ट्रेनों और बसों के संचालन की व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।














