मिशन कर्मयोगी साधना सप्ताह: प्रत्येक कर्मचारी को कम से कम 4 कोर्स पूरे करने के निर्देश
गोरखपुर। मिशन कर्मयोगी साधना सप्ताह (2 से 8 अप्रैल 2026) की प्रगति की समीक्षा सोमवार को गोरखपुर मंडल से उप निदेशक पंचायत हिमांशु शेखर ठाकुर के स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई।
बैठक में समस्त जिला पंचायत राज अधिकारी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, डीपीएम, एडीपीएम, डीसी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत और खंड प्रेरक प्रतिभाग कर रहे थे।
उप निदेशक ने निर्देश दिया कि साधना सप्ताह के अंतर्गत कर्मयोगी पोर्टल पर पंजीकृत सभी कर्मचारियों/अधिकारियों जिनका अभी जीरो सर्टिफिकेट डाउनलोड हुआ है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर इस अभियान के दौरान प्रति कर्मचारी कम से कम चार कोर्स (तीन एआई कोर्स और एक मार्केट प्लेस कोर्स) पूरा करके सर्टिफिकेट डाउनलोड करने होंगे।
पोर्टल पर एक्टिव कर्मचारियों/अधिकारियों को भी प्राथमिकता के आधार पर सर्टिफिकेट डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए। जनपद स्तर पर जिला पंचायत राज अधिकारी के नेतृत्व में गठित वर्किंग कमेटी नियमित रूप से मॉनिटरिंग करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत सर्टिफिकेट डाउनलोड सुनिश्चित करे।















