दुर्गा अष्टमी पर उमड़ा भक्ति का सैलाब: डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने समय माता मंदिर में टेका मत्था, मंदिर विकास के लिए दिए 51 हजार
संतकबीरनगर। चैत्र नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी पर पूरे जनपद में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में जिले के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं सूर्या ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने अपनी धर्मपत्नी सविता चतुर्वेदी के साथ ऐतिहासिक सिद्ध पीठ समय माता मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
मंदिर प्रांगण पहुंचते ही डॉ. चतुर्वेदी ने सपरिवार माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाई और मुख्य पुजारी के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न किया। उन्होंने माता रानी की भव्य आरती कर जनपद की सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और चहुंमुखी समृद्धि के लिए मंगल कामना की।
आस्था के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए डॉ. चतुर्वेदी ने मंदिर परिसर में मौजूद पुरोहितों, ब्राह्मणों और जरूरतमंदों को अंग वस्त्र व नकद राशि भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, भव्य और सुविधाजनक बनाने के लिए उन्होंने 51,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की।
इस अवसर पर डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल समाज की आस्था के केंद्र होते हैं, जिनका संरक्षण और विकास करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि मां समय माता के आशीर्वाद से जनपद में खुशहाली आएगी।
डॉ. चतुर्वेदी के इस भक्तिमय और उदार कार्य की मंदिर समिति सहित पूरे क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने उनके पुनीत कार्य की प्रशंसा की।















