पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, अफवाहों पर न दें ध्यान: डीएम

पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, अफवाहों पर न दें ध्यान: डीएम

गोरखपुर। जनपद में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अपनी जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाएं।

डीएम ने बताया कि तहसील स्तर पर टीमें लगातार पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर रही हैं। जहां कहीं भी ईंधन की कमी की सूचना मिल रही है, वहां तहसील प्रशासन तुरंत पहुंचकर स्टॉक की जांच कर रहा है। यदि किसी पंप पर ईंधन की कमी पाई जाती है, तो तत्काल टैंकर मंगाकर आपूर्ति बहाल कराई जा रही है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सदर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत जिन पेट्रोल पंपों को बंद किया गया है, वहां भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं जानबूझकर पंप बंद कर कृत्रिम संकट तो नहीं बनाया जा रहा। यदि किसी पंप पर स्टॉक होने के बावजूद संचालन बंद पाया जाता है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि तेल कंपनियों से नियमित आपूर्ति जारी है और अधिकतम एक घंटे के भीतर टैंकर के माध्यम से पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अफवाहों के कारण ही कुछ स्थानों पर भीड़ की स्थिति बनी, जबकि वास्तविकता में कहीं कोई कमी नहीं है।

डीएम दीपक मीणा ने नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदारी का परिचय दें, किसी भी अपुष्ट जानकारी को आगे न बढ़ाएं और प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते जनपद में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

Previous articleदुर्गा अष्टमी पर उमड़ा भक्ति का सैलाब: डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने समय माता मंदिर में टेका मत्था, मंदिर विकास के लिए दिए 51 हजार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here