अलविदा जुमे को लेकर डीएम-एसपी सतर्क: अजीमुल्लाह चौराहा सहित संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण
भदोही। ईद के अंतिम शुक्रवार (अलविदा जुमे) के मद्देनजर जनपद में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के लिए जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने संयुक्त रूप से शहर के संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने अजीमुल्लाह चौराहा सहित प्रमुख मार्गों, मस्जिदों के आसपास और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम-एसपी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा न होने पाए, इस पर विशेष जोर दिया गया। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और विशेष निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर स्तर पर मुस्तैद है और जनता का सहयोग मिलने से त्योहार पूर्ण शांति एवं सद्भाव के साथ मनाया जा सकेगा।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अरुण कुमार गिरी, क्षेत्राधिकारी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि अलविदा जुमे को लेकर कोई चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।















