मगहर हाईवे पर भीषण हादसा: पूर्व ब्लॉक प्रमुख देवेंद्र यादव की मौत, कंबाइन मशीन पुल से लटकी

मगहर हाईवे पर भीषण हादसा: पूर्व ब्लॉक प्रमुख देवेंद्र यादव की मौत, कंबाइन मशीन पुल से लटकी

संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मगहर में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। ब्रह्मपुर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख और जहूपुर गांव के ग्राम प्रधान देवेंद्र यादव (50) पंजाब से नई कंबाइन मशीन लेकर लौट रहे थे, तभी ट्रक की टक्कर से मशीन अनियंत्रित हो गई। मशीन पुल के डिवाइडर से टकराई, रेलिंग तोड़कर उसका आधा हिस्सा पुल से नीचे लटक गया। इस भीषण हादसे में देवेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक देवेंद्र यादव पुत्र छोटेलाल यादव थे। वे पंजाब से नई कंबाइन मशीन खरीदकर अपने खेतों के लिए ला रहे थे। हादसे में कंबाइन ड्राइवर दिनेश राठौर (24), निवासी सोनपरी, थाना खुटार, जनपद शाहजहांपुर और खलासी सोनपाल कश्यप (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज संयुक्त जिला चिकित्सालय में चल रहा है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने देवेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार में दो बेटे सतीश यादव (18) और सुजीत यादव (20) तथा एक बेटी है।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि कबीर समाधि स्थल के पास हाईवे पर एक अज्ञात वाहन (ट्रक) ने कंबाइन मशीन को टक्कर मारी, जिससे मशीन अनियंत्रित होकर पुल पर चढ़ गई और रेलिंग तोड़कर नीचे लटक गई। हादसे के कारणों की जांच जारी है। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। देवेंद्र यादव सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे थे। स्थानीय लोग और प्रशासन ने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Previous articleआस्था के साथ स्वास्थ्य का सशक्त संदेश: गंगोत्री देवी महाविद्यालय में व्रत बना ‘सुपर न्यूट्रिशन डाइट’
Next articleडीएम-एसपी ने ईद के मद्देनजर मस्जिदों-मार्केट का किया भ्रमण, सौहार्दपूर्ण त्योहार की अपील

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here