बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
दो नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू, शिक्षा के प्रति किया जागरूक
गोरखपुर। बाल श्रम और बाल संरक्षण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) की टीम ने चेकिंग के दौरान दो नाबालिग बच्चों को संदिग्ध परिस्थितियों में कार्य करते पाया। पूछताछ में दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने उन्हें तत्काल रेस्क्यू कर लिया।
रेस्क्यू के बाद पुलिस ने बच्चों को बाल श्रम के गंभीर दुष्परिणामों और शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। उन्हें पढ़ाई की ओर प्रेरित किया गया और बताया गया कि शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य का आधार है। नियमानुसार सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को आगे की देखभाल और संरक्षण के लिए सिटी चाइल्ड हेल्पलाइन गोरखपुर के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में बाल श्रम, बाल तस्करी और बाल संरक्षण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा और उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।















