जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं: डीएम
अफवाह फैलाने व कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया कि जनपद में रसोई गैस की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर गैस किल्लत को लेकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जो पूरी तरह निराधार हैं। अफवाह फैलाने या अफवाह की आड़ में कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि वे गैस की कमी वाली अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से सिलेंडर का अतिरिक्त स्टॉक न करें। उन्होंने कहा कि सरकार की व्यवस्था के अनुसार हर उपभोक्ता को नियमानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है और जिले में आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
जिलाधिकारी ने बताया कि गैस बुकिंग और डिलीवरी की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ओटीपी प्रणाली लागू की गई है। सिलेंडर की डिलीवरी उपभोक्ता के मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से ही सुनिश्चित की जाती है, जिससे अनियमितता की संभावना न्यूनतम हो गई है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से कहा कि पैनिक बुकिंग से बचें। अनावश्यक बुकिंग या सिलेंडर रोककर रखने से अन्य उपभोक्ताओं को असुविधा हो सकती है। डीएम ने भरोसा दिलाया कि जिले में गैस की आपूर्ति सुचारू है और सभी को समय पर सिलेंडर मिल रहा है।
सभी गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में कृत्रिम अभाव नहीं दिखना चाहिए। यदि किसी एजेंसी या बिचौलिए द्वारा कालाबाजारी या उपभोक्ताओं को परेशान करने की शिकायत मिली तो तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कहीं भी कालाबाजारी या अनियमितता की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस जैसी आवश्यक वस्तु की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएग















