उपनिरीक्षक भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु बैठक संपन्न
रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में बताया गया कि 14 एवं 15 मार्च 2026 को जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में लगभग 3600 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को शुचितापूर्ण, नकलविहीन और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण हैं। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी निगरानी, फ्रिस्किंग और सख्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा शुरू होने से कम से कम 3 घंटे पहले अनिवार्य रूप से केंद्र पहुंचेंगे, जहां वे अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग, सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करेंगे।
सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने सेक्टर का भ्रमण कर मुख्य एवं वैकल्पिक मार्गों की जानकारी प्राप्त करेंगे तथा केंद्र व्यवस्थापक के साथ समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। केंद्र व्यवस्थापक सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा सहायक, कार्यदायी संस्था (गोपनीय एवं सुरक्षा) के प्रतिनिधि तथा पुलिस बल से समन्वय स्थापित कर बोर्ड के निर्देशों का अक्षरशः पालन कराएंगे।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि प्रतिबंधित सामग्री किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश न मिले। सभी संबंधित अधिकारियों को बोर्ड के निर्देशों का त्रुटिरहित अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, वरिष्ठ कोषाधिकारी भावना श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















