महिला दिवस पर सूरजकुंड पोखरा में विशाल स्वच्छता महाअभियान: नगर आयुक्त समेत 230 लोगों ने किया श्रमदान
गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर निगम गोरखपुर ने “स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ” थीम के तहत सूरजकुंड पोखरा प्रांगण में एक भव्य स्वच्छता महाअभियान चलाया। इस अभियान में नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल स्वयं झाड़ू-फावड़ा लेकर मैदान में उतरे और क्षेत्र के पार्षदों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं तथा समाजसेवियों के साथ श्रमदान किया। कुल 230 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया और लगभग 160 किलोग्राम सिंगल यूज़ प्लास्टिक एकत्र कर वैज्ञानिक निस्तारण के लिए एमआरएफ सेंटर भेजा गया।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में पार्षद अमीरुद्दीन (सूरजकुंड), बृजेश सिंह छोटू, राजा यादव, मनोज निषाद, श्रवण पटेल, जयंत निषाद, जुबेर अहमद, अभिषेक पासवान, मोहन सिंह और ऋषि मोहन ने सक्रिय भूमिका निभाई। जोनल अधिकारी सुश्री अनुष्का सिंह के नेतृत्व में महिलाओं की बड़ी टीम ने पोखरे के चारों ओर व्यापक सफाई की। महिलाओं की उत्साही भागीदारी ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता अभियान में महिला शक्ति की भूमिका अपरिहार्य है।
डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक से बचाव का संदेश दिया गया। ‘अपना टीवी’ से अनुराग सुमन और स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर निशा किन्नर ने भी अभियान में शामिल होकर लोगों का उत्साहवर्धन किया।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, प्रमोद कुमार और अतुल कुमार के पर्यवेक्षण में अभियान सुव्यवस्थित ढंग से चला। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा, “स्वच्छता तभी सफल होगी जब आमजन सक्रिय रूप से जुड़े। गोरखपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है।”
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि मातृशक्ति, युवाओं और जनसहयोग से गोरखपुर आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष शहरों में शामिल होगा। लोगों से अपील की गई कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और सिंगल यूज़ प्लास्टिक से दूर रहें।















