दिशा समिति बैठक में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान सख्त: 5 वर्ष में टूटी सड़कों की मरम्मत न करने वाली संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

दिशा समिति बैठक में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान सख्त: 5 वर्ष में टूटी सड़कों की मरम्मत न करने वाली संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

 

गोरखपुर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बांसगांव सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री कमलेश पासवान की अध्यक्षता में एनेक्सी सभागार में आयोजित इस बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन सहित अन्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनी सड़कों के समय से पहले क्षतिग्रस्त होने पर सांसद कमलेश पासवान ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई सड़क निर्माण के 5 वर्ष के भीतर टूटती है, तो उसकी मरम्मत संबंधित कार्यदायी संस्था द्वारा ही करानी होगी। लापरवाही बरतने वाली संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट करने और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए।

सांसद ने कहा कि घटिया सामग्री के उपयोग और निर्माण में लापरवाही की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांवों को बेहतर सड़क, आवास और पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, इसलिए क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार या शिथिलता बिल्कुल स्वीकार नहीं होगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में सांसद ने निर्देश दिए कि शेष पात्र परिवारों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता व समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल से जल पहुंचाने की प्रगति पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि अधूरे क्षेत्रों में तेजी से कार्य कराते हुए निर्धारित समय में योजना पूरी की जाए।

सांसद ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की नियमित निगरानी हो, जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता व जवाबदेही बनी रहे। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को प्राथमिकता पर हल करने का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत जानकारी दी और बैठक में दिए गए निर्देशों के सख्ती से पालन का भरोसा दिलाया। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने नगर क्षेत्र की समस्याओं पर सुझाव रखे। विधायक सरवन निषाद, राजेश त्रिपाठी, डॉ. महेंद्र पाल सिंह और प्रदीप शुक्ला ने भी अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों पर चर्चा की।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। L

Previous articleअंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला कारागार में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर
Next articleमहिला दिवस पर सूरजकुंड पोखरा में विशाल स्वच्छता महाअभियान: नगर आयुक्त समेत 230 लोगों ने किया श्रमदान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here