अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला कारागार में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर
गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंडियन डेंटल एसोसिएशन की महिला डॉक्टरों की टीम ने जिला कारागार गोरखपुर में निरुद्ध महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों के लिए एक वृहद निःशुल्क दंत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर में बंदियों के दांतों की सूक्ष्म जांच, आवश्यक उपचार, दवाइयां और हाइजीन किट वितरित की गईं।
टीम ने पायरिया, कैविटी और अन्य दंत संक्रमणों का मौके पर ही इलाज किया। महिला चिकित्सकों ने बंदियों को दांतों की सफाई का महत्व समझाया और बताया कि नियमित ब्रशिंग और तंबाकू से परहेज पूरे शरीर के स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य है। उन्होंने दिन में दो बार ब्रश करने, मुंह की सफाई बनाए रखने और स्वस्थ आहार अपनाने की सलाह दी।
शिविर में शामिल प्रमुख डॉक्टरों में डॉ. प्रियंका वर्मा, डॉ. अंकिता श्रीवास्तव, डॉ. मीनाक्षी राय, डॉ. शालिनी शर्मा, डॉ. गरिमा श्रीवास्तव, डॉ. प्रीति अग्रवाल, डॉ. शिप्रा सिंह, डॉ. मनमीत आनंद, डॉ. शिल्पा सिंह, डॉ. शिवांगी श्रीवास्तव, डॉ. पल्लवी तिवारी और डॉ. एच.एन. शर्मा शामिल रहे।
जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय ने इस पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जेल में बंद महिलाओं और बच्चों को समय-समय पर ऐसे विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों की आवश्यकता होती है, ताकि उन्हें बाहर जाने बिना ही उचित चिकित्सा मिल सके। उन्होंने इंडियन डेंटल एसोसिएशन की पूरी टीम को धन्यवाद दिया और ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की अपील की।
इस अवसर पर जेलर अरुण कुमार कुशवाहा, उप जेलर विजय कुमार, श्रीमती कृष्णा कुमारी, श्रीमती अनीता श्रीवास्तव, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. विनय कुमार, फार्मासिस्ट शेष कुमार शर्मा सहित कारागार के अन्य कर्मी मौजूद रहे।















