मोहद्दीपुर फ्लाईओवर हादसे में मृतक उमेश शर्मा के परिवार को 5 लाख की आर्थिक सहायता
गोरखपुर। मोहद्दीपुर फ्लाईओवर पर 4 मार्च को हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले उमेश शर्मा के परिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आर्थिक सहायता प्रदान की गई। रविवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जेल रोड तिराहा स्थित मृतक के आवास पर पहुंचकर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 5 लाख रुपये का चेक परिजनों को सौंपा। इस दौरान महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह और सदर तहसील के एसडीएम दीपक गुप्ता भी मौजूद रहे।
उमेश शर्मा पुत्र ब्रह्मदेव शर्मा बिजली का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी संजू शर्मा (47), बेटी तान्या शर्मा (19) और पुत्र राजीव शर्मा (12) हैं। परिवार के अनुसार उमेश मेहनती और ईमानदार थे तथा बच्चों की पढ़ाई को लेकर हमेशा चिंतित रहते थे। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
परिजनों ने बताया कि 4 मार्च की रात मोहद्दीपुर फ्लाईओवर पर गोल्डी निषाद की फॉर्च्यूनर ने तेज रफ्तार से टक्कर मारी, जिसमें एमबीबीएस छात्र आकाश पांडेय की मौके पर मौत हो गई और उमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। एम्स गोरखपुर में इलाज के दौरान 5 मार्च को उन्होंने अंतिम सांस ली।
उमेश के भाई राजेश शर्मा ने कहा कि परिवार अब आर्थिक संकट में है, क्योंकि उमेश ही मुख्य कमाने वाले थे। परिजनों ने सरकार से मांग की है कि संजू शर्मा को सरकारी नौकरी, परिवार को सरकारी आवास, आयुष्मान कार्ड और दोनों बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार उठाए। साथ ही उन्होंने आरोपी गोल्डी निषाद को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि मृत्युदंड की मांग की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से ऐसे हादसे रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने परिजनों को आश्वासन दिया कि प्रशासन इस दुख की घड़ी में उनके साथ है और बच्चों की शिक्षा सहित अन्य जरूरतों में हर संभव मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल सहायता प्रदान की गई।
गौरतलब है कि हादसे में जान गंवाने वाले एमबीबीएस छात्र आकाश पांडेय संतकबीरनगर के निवासी थे, जिनके परिवार को वहां के जिलाधिकारी द्वारा 5 लाख रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद मंता लाल, लेखपाल राम कुमार गुप्ता सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने परिवार को सांत्वना दी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।















