प्रभारी मंत्री आशीष पटेल की अध्यक्षता में विकास-कानून व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा
बस्ती। प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले/जनपद प्रभारी मंत्री आशीष कुमार पटेल की अध्यक्षता में कलेक्टेट सभागार में जनपद के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक हर्रैया अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिला भाजपा अध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल द्वारा प्रभारी मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों का बुके देकर स्वागत करने से हुई। समीक्षा में सबसे पहले कानून-व्यवस्था पर चर्चा हुई, जहां पुलिस विभाग के बेहतर कार्यों की सभी जनप्रतिनिधियों ने सराहना की। पिछले बैठक के निर्णयों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
मंत्री ने विभागीय परियोजनाओं की प्रगति पर गहन जायजा लिया और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि चल रही सभी परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाए। अधिशासी अभियन्ता बाढ़ को बाढ़ बचाव की सभी तैयारियां समय पर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। सड़क निर्माण की समीक्षा में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की पैचिंग कराने तथा एनएचआई को राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कटों को चिन्हित कर बंद करने का आदेश दिया।
जलजीवन मिशन की समीक्षा में पाया गया कि कुल 855 परियोजनाओं में से 193 पूर्ण हो चुकी हैं। शेष को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश अधिशासी अभियन्ता को दिए गए। मंत्री ने कहा कि सरकार की लाभपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने आटो रिक्शा के रूट निर्धारण की मांग रखी, जिसमें एआरटीओ की सहायता लेकर जाम की समस्या से राहत दिलाने का सुझाव दिया। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी की अनुपस्थिति पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और मुख्य विकास अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, डीडीओ अजय कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।















