डीआईजी संजीव त्यागी ने बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी की: लंबित विवेचना-गिरफ्तारी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और होली-ईद त्यौहारों की तैयारियों पर सख्त निर्देश
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में जनपद बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा एवं आगामी त्यौहारों की तैयारियों पर विस्तृत गोष्ठी की। गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।
डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं एवं आंशिक विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने, अधिकाधिक निरोधात्मक कार्यवाही करने, गैंगस्टर, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, चोरी एवं वाहन चोरी पर प्रभावी नियंत्रण, गो-तस्करी की रोकथाम, रात्रिकालीन सघन चेकिंग, संगीन अपराधों, महिला अपराध एवं एससी/एसटी एक्ट मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने जनपद स्तर पर साइबर एक्शन प्लान के तहत कार्यवाही, यक्ष ऐप पर शेष अपराधियों का सत्यापन, साइबर अपराध पर नजर, CCTNS, IGRS, NCRB, कर्मयोगी पोर्टल, CM डैशबोर्ड, ITSSO, JMIS आदि पोर्टलों की निरंतर निगरानी, पब्लिक ग्रीवांस रिव्यू पोर्टल एवं मुख्यमंत्री जनता दर्शन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, साइबर अपराध से जुड़े मोबाइल/IMEI नंबरों का अधिकाधिक ब्लॉकिंग, मोबाइल रिकवरी, iRAD ऐप पर दुर्घटनाओं की फीडिंग, महिला अपहरण/गुमशुदा की शत-प्रतिशत बरामदगी, अधिकाधिक अमाउंट लीन, मिशन शक्ति केन्द्र एवं परिवार परामर्श केन्द्र को प्रभावी बनाने, ऑपरेशन क्लीन, ऑपरेशन खोज, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कार्यवाही तथा प्रत्येक जिले में एंटी-थेफ्ट सेल गठित करने के सख्त निर्देश दिए।
डीआईजी ने नियम 14(1) एवं 14(2) के अंतर्गत लंबित विभागीय पत्रावलियों, प्रारंभिक जांच, मृतक आश्रित सेवायोजन एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा साइट्रेन व आईगाट ऐप पर सभी शेष कर्मियों का प्रशिक्षण पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आगामी रमजान माह/ईद-उल-फितर तथा होली त्यौहार/जुलूस के दृष्टिगत सतर्क दृष्टि रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने, त्यौहारों को परंपरागत रूप से सकुशल संपन्न कराने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने के दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना, परिक्षेत्रीय कार्यालय के शाखा प्रभारीगण एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
डीआईजी के निर्देशों से परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और त्यौहारों की तैयारियों में मजबूती आने की उम्मीद है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था पर पूर्ण सतर्कता बरती जाएगी और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।















