भारतीय दंत चिकित्सा संघ (IDA) संतकबीरनगर शाखा ने किया भव्य आयोजन
संतकबीरनगर। भारतीय दंत चिकित्सा संघ (IDA) की संतकबीरनगर शाखा ने 5 फरवरी 2026 को जिला मुख्यालय स्थित होटल सोनी में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान Continuing Dental Education (CDE) कार्यक्रम के साथ ही 2026 की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया।
नई कार्यकारिणी में डॉ. एस.आर. चौधरी को अध्यक्ष, डॉ. सोनी सिंह को सचिव (पुनः निर्वाचित), डॉ. हिमांशु शुक्ल (मेहंदावल) को कोषाध्यक्ष और डॉ. हिमांशु शुक्ल (खलीलाबाद) को अगले वर्ष के लिए अध्यक्ष चुना गया। विमेंस डेंटल काउंसिल की चेयरपर्सन डॉ. रचना राव बनीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. संजीव श्रीवास्तव ने की। शाखा के सभी सदस्यों ने उत्साह से हिस्सा लिया और नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
CDE का मुख्य विषय रहा “दंत चिकित्सा के क्षेत्र में अत्याधुनिक उपकरणों द्वारा दंत चिकित्सा को कैसे आसान किया जाए”। एम.डी.एस. डॉ. रजनीश पांडेय ने विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि जिले के हर क्लिनिक में उच्च गुणवत्ता वाले आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल जरूरी है। इससे उपचार की गुणवत्ता बढ़ेगी, रोगियों को कम समय में बेहतर परिणाम मिलेंगे और दंत स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार होगा।
डॉ. पांडेय ने डिजिटल रेडियोग्राफी, CAD/CAM तकनीक, लेजर डेंटिस्ट्री, रूट कैनाल में रोटरी इंस्ट्रूमेंट्स जैसे नवीनतम उपकरणों के फायदों पर रोशनी डाली।
सचिव डॉ. सोनी सिंह ने बताया कि शाखा इस साल भी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता अभियान और समाज सेवा कार्यक्रम चलाएगी। उद्देश्य ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में दंत रोगों की रोकथाम, समय पर उपचार और जागरूकता फैलाना है।
सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को पूरा सहयोग देने का वादा किया। यह आयोजन शाखा की सक्रियता और दंत चिकित्सा में उत्कृष्टता की दिशा में मजबूत कदम साबित हुआ। इससे दंत चिकित्सकों का व्यावसायिक विकास होगा और जनपदवासियों को बेहतर दंत स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।















